सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर झांसी हाईवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने डिवाइडर लांघकर बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे का LIVE CCTV फुटेज सामने आया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार खेतों में जा गिरी और चालक घायल हो गया। कार से शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दअरसल यह हादसा डबरा सिटी थाना क्षेत्र के समूदन इलाके में दोपहर के वक्त हुआ। चिरपुरा गांव के संदीप जाटव उम्र 28 साल डबरा तहसील से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह समूदन के पास पहुँचा तभी ग्वालियर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पार कर संदीप की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद कार तीन बार पलटी खाकर 15 फीट नीचे बने खेतो में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। कार में बल्लू जाट निवासी मस्तूरा, संदीप रावत निवासी खड़ीचा और एक अन्य युवक सवार था। संदीप रावत गंभीर रूप घायल हो गया उसे ग्वालियर इलाज के लिए रेफर किया है। कार चला रहा बल्लू जाट और तीसरा युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस को कार से शराब की खाली बोतलें मिली हैं। संदीप घर का इकलौता बेटा था। चार साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। दो साल का एक बेटा है। बूढ़े माता पिता खेती करते हैं। घर की पूरी जिम्मेदारी संदीप पर थी। पत्नी आंगनबाड़ी में सहायिका है।
संदीप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हाईवे पर डबरा और ग्वालियर के बीच 10 से अधिक ब्लैक स्पॉट हैं। समूदन का इलाका भी खतरनाक बना हुआ है। एनएचएआई ने स्पीडोमीटर लगाए हैं, लेकिन हादसे नहीं रुक रहे। पिछले दो महीने में यहां 8 हादसे हो चुके हैं। इनमें 11 लोग घायल हुए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। शराब और तेज रफ्तार के कारण हाईवे लगातार खूनी बनता जा रहा है। प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे, वरना हादसों का सिलसिला थमने वाला नहीं है।

