अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। जैतपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार ग्रामीण सोनू वर्मा की मौत हो गई, बताया जा रहा है कि सोनू भटिया पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाकर जा रहे थे, तभी हाइवा चालक ने उन्हें कुचल दिया, स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइवा अवैध रेत लोड करने के लिए जा रहा था, हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, हादसे के कारणों और हाइवा की गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि तथा पुलिस की कार्रवाई का विवरण सामने आना बाकी है।

मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, अवैध रेत परिवहन रोकने की मांग

सोनू वर्मा की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने देर रात पेट्रोल पंप के सामने शव रखकर विरोध जताया, ग्रामीणों ने क्षेत्र में कथित तौर पर जारी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की, प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जैतपुर थाना क्षेत्र की कुनुक नदी से रेत का अवैध उत्खनन कर हाइवा और अन्य वाहनों के जरिए परिवहन किया जा रहा है। इसी गतिविधि को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है।देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ, हालांकि, इस घटना ने क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो अधिकारियों की मौत के बाद भी नहीं थम रहा रेत का अवैध कारोबार

शहडोल जिले की नदियों और नालों में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मुद्दा लगातार चर्चा में है। इससे पहले भी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने की कार्रवाई के दौरान दो अधिकारियों की वाहनों से कुचलकर मौत होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

सोनू वर्मा की मौत के बाद अब ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस घटना के बाद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करेंगे और कुनुक नदी से कथित अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी रोक लग पाएगी।   

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m