हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 30 मई को प्रदेश के सात प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जा रही है। इस वॉक का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराना है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में शनिवार की सुबह कुछ जगहों पर अलग ही माहौल देखने को मिल सकता है। ऐतिहासिक धरोहरों के बीच युवाओं की भीड़, खास मेहमान की मौजूदगी और विरासत से जुड़ने का एक अनोखा मौका लोगों का ध्यान खींच रहा है। खास बात यह है कि इस बार प्रदेश सरकार के मंत्री भी खुद मैदान में उतरने वाले हैं।

दरअसल, हरियाणा पर्यटन निगम की ओर से 30 मई को दूसरी हेरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की जा रही है। ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ अभियान के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सोनीपत के राई स्थित एथनिक इंडिया से खालसा मेमोरियल तक विशेष वॉक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रतिभागियों के साथ ऐतिहासिक स्थल का दौरा करेंगे।

शनिवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक प्रदेश के सात प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर इस वॉक का आयोजन होगा। इनमें पिंजौर, मोरनी हिल्स, कुरुक्षेत्र, सूरजकुंड, रेवाड़ी, बल्लभगढ़ और एथनिक इंडिया, राई को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्थल पर हेरिटेज गाइड प्रतिभागियों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व की जानकारी देंगे।

पिंजौर में यादवेंद्र गार्डन से लेकर भीमा देवी मंदिर साइट म्यूजियम तक, मोरनी में ऐतिहासिक किला, कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर और महाभारत अनुभव केंद्र, जबकि सूरजकुंड में ऐतिहासिक जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक भ्रमण कराया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क रखा गया है, जिसमें प्रतिभागियों को पानी, चाय-कॉफी, रिफ्रेशमेंट और विशेष कैप भी दी जाएगी।