Haryana Board 12th Result 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के 12वीं के छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। बोर्ड आज यानी मंगलवार को सीनियर सेकेंडरी का परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार भिवानी स्थित मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं, जिसके बाद रिजल्ट का लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा।

कुछ ही देर में शुरू होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
भिवानी बोर्ड मुख्यालय में हलचल तेज हो गई है। बोर्ड अध्यक्ष कुछ ही देर में मीडिया से रूबरू होंगे। वे टॉपर्स की लिस्ट जारी करने के साथ-साथ इस साल का पास प्रतिशत भी साझा करेंगे। छात्र अपना रोल नंबर निकालकर तैयार रखें, क्योंकि प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होते ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट अपलोड हो जाएगा।
करीब 3 लाख बच्चों की किस्मत का फैसला
इस साल 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल तक चली थीं। पूरे प्रदेश में परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आंकड़ों की बात करें तो इस बार कुल 2,95,478 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी है। अब इन सभी परीक्षार्थियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
पिछले साल कॉमर्स का रहा था दबदबा
अगर हम साल 2025 के नतीजों पर नजर डालें, तो कुल 85.66% स्टूडेंट्स पास हुए थे। पिछले साल कॉमर्स स्ट्रीम के बच्चों ने बाजी मारी थी। कैथल के अर्पणदीप सिंह ने 500 में से 497 नंबर लाकर पूरे प्रदेश में टॉप किया था। वहीं सोनीपत की करीना और जींद की यशिका दूसरे नंबर पर रही थीं। आर्ट्स स्ट्रीम में जींद की सरोज ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
कैसे चेक करें अपना रिजल्ट?
रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोर कार्ड देख सकते हैं। इसके लिए आपको अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी। सर्वर पर लोड होने के कारण वेबसाइट थोड़ी धीमी हो सकती है, इसलिए धैर्य बनाए रखें।
