संजीव,सोनीपत। हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) परीक्षा में टॉप करने वाले अभिषेक सरोहा से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मुलाकात की। शनिवार शाम वह गोहाना के सेक्टर-7 स्थित अभिषेक के घर पहुंचीं और उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं को योग्यता और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

HCS टॉपर अभिषेक सरोहा को दी बधाई

डॉ. अर्चना गुप्ता ने अभिषेक सरोहा और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिषेक की सफलता को युवाओं की मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो प्रशासनिक सेवाओं में शामिल होकर जनसेवा करना चाहते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक लक्ष्य हासिल करने में लगानी चाहिए।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था पर क्या बोलीं अर्चना गुप्ता?

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकारी नौकरियों में निष्पक्ष चयन प्रक्रिया युवाओं के सपनों को साकार करने और व्यवस्था के प्रति उनका भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि मेहनत और काबिलियत के दम पर वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उनके मुताबिक, राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

परिवार के सहयोग को भी बताया अहम

डॉ. अर्चना गुप्ता ने अभिषेक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की सफलता में परिवार का सहयोग, संस्कार और प्रोत्साहन अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि अभिषेक अपनी प्रतिभा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के माध्यम से प्रदेश की सेवा करेंगे और दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

मुलाकात के दौरान ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर अभिषेक सरोहा के पिता जगबीर सरोहा, माता अमिता देवी और भाई विनय सरोहा मौजूद रहे। इनके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, समाजसेवी इंद्रजीत विरमानी, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, भूपेंद्र मुदगिल, प्रवीण खुराना, कृष्ण सैनी और नरेन्द्र गहलावत सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m