० स्कूल छुट्टी के बाद दिनदहाड़े वारदात, छात्र के दोनों फेफड़े हुए क्षतिग्रस्त; डेढ़ घंटे चली सर्जरी
रांची। राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में गुरुवार को स्कूल के बाहर दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। संत जेवियर्स स्कूल मिशन से छुट्टी के बाद आठवीं कक्षा के एक छात्र पर एक युवक ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र का अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, जबकि वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मलती गांव निवासी प्रवीण साहू पर उसी गांव के सुमित उरांव उर्फ डांस ने स्कूल के बाहर करीब 20 से अधिक बार चाकू से हमला किया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल कांस्टेंट लेवल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डेढ़ घंटे चली सर्जरी, दोनों फेफड़े हुए क्षतिग्रस्त
डॉक्टरों के अनुसार, हमले में छात्र के दोनों फेफड़े क्षतिग्रस्त हो गए थे और चाकू शरीर में ही धंस गया था। सर्जन डॉ. जे.आर. कृष्णन और उनकी टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन कर चाकू निकाला। चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते सर्जरी होने से छात्र की जान बचाने की कोशिश सफल रही।
आरोपी ने बताया हमला करने की वजह
वारदात के बाद आरोपी सुमित उरांव सीधे मांडर थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि घायल छात्र उसकी लीव-इन पार्टनर को परेशान करता था, जिसके चलते उसने हमला किया।
पहले भी हो चुका था विवाद
घायल छात्र के परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी प्रवीण के साथ मारपीट कर चुका है। दोनों मलती गांव के रहने वाले हैं और उनके घर भी आसपास हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित उरांव पहले संत जेवियर्स स्कूल का छात्र रह चुका है।
घटना की सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी आर.एन. चौधरी, इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा और थाना प्रभारी मनोज करमाली मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वास्तविक वजह के साथ दोनों के बीच पुराने विवाद की भी जांच कर रही है।


