रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के बहुप्रतीक्षित चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। एडवोकेट एके चतुर्वेदी को काउंसिल का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, रिंकू भगत उपाध्यक्ष और प्रशांत सिंह बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों पदों के लिए निर्वाचित प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।

एके चतुर्वेदी को मिले 15 वोट, प्रशांत सिंह को 18

झारखंड स्टेट बार काउंसिल के कुल 26 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर एके चतुर्वेदी को 15 वोट मिले। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भगत ने 10 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इसके अलावा, प्रशांत सिंह को 18 वोट मिले और उन्हें बार काउंसिल ऑफ इंडिया का सदस्य चुना गया।

अधिवक्ताओं के हितों को मजबूत करने का संकल्प

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्यभर के अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और बार काउंसिल की गरिमा को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।