० वायरल फीवर की आशंका, तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती; सुधार गृह में तैनात की गई मेडिकल टीम

बोकारो। बोकारो के बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। 14 बाल कैदियों के बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों की जांच कर आवश्यक सैंपल एकत्र किए। एहतियात के तौर पर तीन बच्चों को सदर अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले भी 16 बच्चों की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद 15 बच्चों को वापस बाल सुधार गृह भेज दिया गया था, लेकिन शुक्रवार को फिर कई बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची।

मौसम में बदलाव के कारण संक्रमण फैलने की आशंका

जांच कर रहे डॉ. विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सभी बच्चे वायरल फीवर से पीड़ित पाए गए हैं। मौसम में बदलाव के कारण संक्रमण फैलने की आशंका जताई गई है। जिन बच्चों में तेज बुखार और अधिक कमजोरी के लक्षण मिले, उन्हें अस्पताल में भर्ती कर विस्तृत जांच कराई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बाल सुधार गृह को फिलहाल अस्थायी अस्पताल में तब्दील कर दिया है। यहां दो डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है, जो चौबीसों घंटे बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखेगी। साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सुबह और शाम मेडिकल बुलेटिन भी जारी किया जाएगा।