झज्जर । “स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा” अभियान के तहत शुक्रवार को झज्जर जिले को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई बड़ी सौगातें मिलीं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से वर्चुअल माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम झज्जर स्थित लघु सचिवालय सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बहादुरगढ़ के गांव डाबोदा खुर्द में करीब 67.19 लाख रुपये की लागत से बने नए सब हेल्थ सेंटर का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में CT स्कैन सेवा शुरू की गई। झज्जर नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास किया गया तथा महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” क्लिनिक और टरुनेट मशीन का भी शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के ढांचे को मजबूत करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्य अतिथि विधायक राजेश जून ने कहा कि नई स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच और उपचार सेवाएं मिलेंगी तथा उन्हें अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी स्टोर के माध्यम से आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी। वहीं “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” क्लिनिक महिलाओं को विशेष स्वास्थ्य परामर्श और उपचार सुविधाएं प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। विधायक राजेश जून ने बताया कि पहले हरियाणा में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 17 हो चुकी है। इसी तरह MBBS सीटों की संख्या 700 से बढ़ाकर 2710 की गई है।
जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। भाजपा नेता संजय कबलाना ने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है और सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, नरेंद्र जाखड़, सुनीता चौहान, धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त जगनिवास, एसडीएम रवि मीणा, जिला परिषद सीईओ मनीष फोगाट, सीटीएम रितु बंसीवाल, सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
- नूंह में फेसबुक पोस्ट पर बवाल, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और पथराव, 7 लोग घायल
- पद्मश्री डॉ. सुनीता और डॉ. रामचंद्र गोडबोले से मिले CM साय: बस्तर में 4 दशकों के सेवा कार्यों को सराहा
- रीवा में पकड़ाई नशीली कफ सिरप की भारी खेप: पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में की कार्रवाई, युवती समेत 4 गिरफ्तार
- कल सुबह हरियाणा में कुछ खास होने वाला है! मंत्री भी पहुंचेंगे, युवाओं में दिखेगा अलग जोश
- Today’s Top News: विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल पर तहसीलदार, रिश्वत लेते बाबू और लिपिक गिरफ्तार, Pizza में निकला नुकीला लोहा, ग्रामीणों का सुशासन तिहार में फूटा गुस्सा…समेत पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें

