परवेज खान, शिवपुरी। जिले के लुकवासा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत डोडियाई गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई। हाईटेंशन बिजली तार (11 केवी लाइन) की चपेट में आने से ट्रैक्टर पर सवार महिला सहित दो लोग जिंदा जल गए, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मरने वालों में एक महिला व युवक शामिल है।
राजस्थान से मजदूरी के लिए आए थे
दरअसल ट्रैक्टर (नंबर RJ 25 RB 4768) पर कुल 8 मजदूर सवार थे, जो सभी राजस्थान के निवासी और मजदूरी के लिए क्षेत्र में आए हुए थे। ट्रैक्टर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे ट्रैक्टर में करंट दौड़ गया और देखते ही देखते आग की चपेट में आने से अफरा-तफरी मच गई।
दो घायल मजदूर अस्पताल में भर्ती
हादसे में विनोद बंजारा (25 वर्ष) पुत्र रंजीत एवं उनकी पत्नी लीला निवासी ग्राम खेड़ली, थाना भंवरगढ़, जिला वारा (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा पुलिस चौकी मौके पर पहुंच गई और हालात को संभाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

