हिसार। हरियाणा में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और हिसार व फतेहाबाद समेत कई क्षेत्रों में तेज आंधी चली। आंधी के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन दिनभर की तपिश ने तापमान को ऊंचे स्तर पर पहुंचा दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के समय तेज धूप निकलने के कारण रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन अब एक बार फिर पारा चढ़ने लगा है।
राजस्थान सीमा से सटे जिलों में ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान की सीमा से लगे जिलों में गर्मी का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मौसम के फिर से बदलने के संकेत दिए हैं।
7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए प्रदेश के सात जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सिरसा,फतेहाबाद,हिसार,भिवानी,चरखी दादरी,महेंद्रगढ़,रेवाड़ी शामिल हैं।
अगले दो दिन बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों के दौरान कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

