अनिल शर्मा, बराड़ा. उपमंडल अधिकारी (ना.) बराड़ा सतीन्द्र सिवाच ने क्षेत्रवासियों से बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खुद के साथ-साथ अपने परिवार का भी विशेष ध्यान रखें।
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने कहा कि लोग खुद को अधिक से अधिक हाइड्रेटेड रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी का सेवन करना जरूरी है। यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी अवश्य रखें। इसके अलावा नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलेरा, आम पन्ना, नारियल पानी और अन्य स्थानीय पेय पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने मौसमी फल एवं सब्जियां जैसे तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा और लेटस आदि खाने की सलाह दी, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सीधी धूप से बचें तथा ढीले एवं हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। सिर को ढकने के लिए छाता, टोपी या गमछे का प्रयोग करें और धूप में निकलते समय जूते या चप्पल अवश्य पहनें। दिन के समय घर की खिड़कियां एवं पर्दे बंद रखें और रात में उन्हें खोल दें ताकि ताजी हवा अंदर आ सके।
एसडीएम ने बताया कि छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बाहर काम करने वाले मजदूर, मानसिक बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति, हृदय रोग एवं उच्च रक्तचाप के मरीज तथा अकेले रहने वाले बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का परिवार और आसपास के लोग भी विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें और दोपहर के समय कठिन शारीरिक गतिविधियों से बचें। शराब, चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक और अधिक चीनी वाले पेय पदार्थों का सेवन कम करें क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। बासी भोजन न खाएं तथा बच्चों और पालतू जानवरों को पार्क की गई गाड़ियों में अकेला न छोड़ें।
प्रशासन ने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है तथा सभी नागरिकों से सतर्क रहने और हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
- Air India: एअर इंडिया का बड़ा फैसला, 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें रद्द की, रियाद-जेद्दा जाने वालों की बढ़ी मुश्किलें
- पेड़ से टकराई कार, बुझ गए 3 घरों के चिराग! पूर्व विधायक के 2 पड़पोते समेत 3 युवकों की मौत
- स्टेशन चमकाने में करोड़ों खर्च, मरीजों के लिए रैंप तक नहीं; मरीज को व्हीलचेयर से पटरियों के बीच से ले जाने का VIDEO वायरल
- अमृतसर एयरपोर्ट पर बड़ा खुलासा: शारजाह जाने वाले 16 यात्रियों की टिकटें निकलीं फर्जी, हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
- इंदौर में ‘जल संकट’ या ‘सियासी सिरफुटौव्वल’? कैलाश विजयवर्गीय की बैठक से नदारद रहे 5 विधायक; मालिनी गौड़ बोलीं- ‘रहने ही दो, तुमसे न हो पाएगा!’

