शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के पुलिस कंट्रोल रूम के सामने रविवार की सुबह उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब ट्रैफिक पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरे विवाद का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।

बिना हेलमेट गाड़ी रोकने पर विवाद

दरअसल यह पूरा मामला रविवार सुबह का है। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने ट्रैफिक पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने भाजपा के एक मंडल उपाध्यक्ष को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने पर रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने और कार्रवाई किए जाने से नाराज होकर मंडल उपाध्यक्ष ने तुरंत भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित को फोन लगा दिया और मौके पर बुला लिया।

फोन पर बात न करने से भड़के जिला उपाध्यक्ष

बताया जा रहा है कि मंडल उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक थाना प्रभारी (TI) संजय सूर्यवंशी से अभय पंडित की फोन पर बात कराने की कोशिश की, लेकिन टीआई सूर्यवंशी ने फोन पर बात करने से साफ इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित खुद मौके पर पहुंच गए।

पुलिस पर लगाए अवैध वसूली के आरोप

मौके पर पहुंचते ही भाजपा नेता और ट्रैफिक पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित ने ट्रैफिक पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सरेआम पुलिस पर अवैध रूप से पैसे लेकर गाड़ियों को छोड़ने का आरोप मढ़ा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

रविवार सुबह हुए इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस अधिकारी और भाजपा नेता एक-दूसरे से बहस करते और आरोप-प्रत्यारोप लगाते साफ नजर आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन या संगठन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m