UP Budget Session 2026. उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है. आज सत्र का पांचवा दिन है. शुक्रवार को सदन में अलग ही नजारा देखने को मिला. यहां सदन की कार्यवाही के दौरान विधानसभा अध्यक्ष और सत्ता दल के विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. इतना ही नहीं, इस बहस के बाद स्पीकर अपनी कुर्सी से उठकर चले गए. उन्होंने 10 मिनट के लिए कार्यवाही रोक दी. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इसका वीडियो शेयर किया है. साथ ही उन्होंने सरकार और पार्टी पर तंज कसा है.

अखिलेश यादव ने लिखा है कि ‘भाजपा की हार की हताशा सड़क से लेकर सदन तक पहुंच गई है, अब देखते हैं कौन किसको अवमानना का नोटिस देता है. पहले भाजपा के ही विधायक जी ने माननीय भाजपाई मंत्री जी के साथ सड़क पर सरेआम अभद्रता की, अब फिर भाजपाई विधायक के दुर्व्यवहार के कारण भाजपाई सभापति महोदय सदन में रुष्ट हो गए. जनता पूछ रही है : अगला चुनाव भाजपाई आपस में लड़ेंगे क्या?’

इसे भी पढ़ें : अब दिल्ली में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नहीं होगी रहने की समस्या, राजधानी में तैयार किया जाएगा हॉस्टल, योगी सरकार ने बजट में किया प्रावधान

बता दें कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्पीकर सतीश महाना और सत्ता दल के विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. स्पीकर गुस्से में विधायक से पूछ रहे हैं कि ‘ये मेरा काम है, अब आप हाउस चलाओगे क्या? आपने हाउस चलाना है क्या?’ इतना कहकर उन्होंने हेडफोन निकालकर फेंक दिया. फिर अपनी कुर्सी से उठकर चले गए. उन्होंने 10 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी.