चंडीगढ़। हरियाणा में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है जिससे आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है। दिन के समय लू के थपेड़े शरीर को झुलसा रहे हैं तो वहीं रात के वक्त भी पारे में गिरावट नहीं होने से लोग बेहाल हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने सभी जिलों में एडवाइजरी जारी कर दी है जिसमें दोपहर 12 से 4 बजे तक लोगों को घरों के भीतर ही रहने की सख्त हिदायत दी गई है। हालांकि इन सबके बीच स्कूलों की छुट्टी के समय को लेकर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि दोपहर की तपिश में घर लौटते बच्चों पर लू का खतरा सबसे ज्यादा बना हुआ है।

दोहरे अलर्ट के बीच बारिश की उम्मीद

मौसम विभाग ने आज दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के जिलों में लू के साथ वार्म नाइट का दोहरा अलर्ट जारी कर दिया है जिससे गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह जैसे इलाकों में रातें भी बेचैन करने वाली होंगी। नूंह में रात का पारा 28.7 डिग्री तक पहुंच चुका है जो सामान्य से काफी अधिक है।

26 अप्रैल के बाद मौसम लेगा करवट

राहत की एकमात्र किरण 26 अप्रैल से नजर आ रही है जब मौसम करवट बदलेगा और उत्तर हरियाणा के जिलों में बूंदाबांदी शुरू होगी। 27 अप्रैल को बारिश का दायरा बढ़ने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं जिससे झुलसाती गर्मी से कुछ समय के लिए निजात मिल सकती है।