कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जिले में तेज बारिश के साथ कई जगहों पर ओले गिरे हैं। तेज आंधी के साथ अचानक ओले गिरने से लोग इधर-उधर छुपते नजर आए। वहीं, सड़क पर मौजूद लोग किसी तरह भागकर जान बचाते नजर आए। बता दें कि इस मौसम में यह पहली बार है, जब पटना में ओले गिरे हैं।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने सारण जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 50-60 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद है।

17 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

गौरतलब है कि पूरे बिहार में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। आंधी-पानी के दौर ने पूरे जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच आज बुधवार को मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

अगले 48 घंटे तक बारिश-आंधी का अलर्ट

आज बुधवार की सुबह ही खगड़िया, उत्तर बिहार और सीमांचल के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। वहीं, राजधानी पटना समेत कई जिलों में घने बादल छाए हुए हैं। विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम के सक्रिय रहने की उम्मीद है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने सुबह 8:20 बजे के करीब अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शेखपुरा और सुपौल जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 कि. मी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है।

24 घंटे में दर्ज हुई 89.7 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में 89.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो काफी ज्यादा है। आमतौर पर इस समय में करीब 31.8 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार सामान्य से करीब 182% अधिक बारिश हुई है। वैशाली के हाजीपुर, बक्सर के सिमरी और डुमरांव, और जहानाबाद के काको जैसे इलाकों में 55 से 60 मिमी तक बारिश हुई है। ज्यादा बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 मई तक बिहार में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि 8 मई के बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है।

ये भी पढ़ें- ममता के CM पद से इस्तीफा नहीं देने पर राजद की प्रतिक्रिया आई सामने, जानें क्या कहा?