सोमवार सुबह दिल्ली में हुई तेज बारिश का सीधा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हवाई सेवाओं पर पड़ा। खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों के आगमन और प्रस्थान दोनों में भारी देरी हुई। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरपोर्ट और विभिन्न एयरलाइंस ने सुबह से ही एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की अपील की।

14 उड़ानें दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट

भारी बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली आने वाली 14 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें दुबई, शारजाह, गोवा, रांची, इंफाल, चेन्नई, इंदौर, मुंबई, लेह, सिलिगुड़ी, बेंगलुरु, भुवनेश्वर और डिब्रूगढ़ से आने वाली उड़ानें शामिल थीं।

सुबह 11 से 12:30 बजे तक सबसे ज्यादा असर

बारिश के कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्थिति सबसे गंभीर रही। एटीसी और वैकल्पिक एयरपोर्ट्स पर बढ़ते दबाव को देखते हुए कई उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इस दौरान दिल्ली पहुंचने वाली करीब 50 प्रतिशत उड़ानें देरी से पहुंचीं।

प्रस्थान उड़ानों पर भी पड़ा बड़ा असर

दिल्ली से उड़ान भरने वाली सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगभग हर प्रस्थान उड़ान में देरी हुई। विमानों को बे एरिया में ही रोकना पड़ा, जिससे एयरपोर्ट पर परिचालन दबाव बढ़ गया।

शाम तक 85% प्रस्थान उड़ानें प्रभावित

मौसम में सुधार के बाद उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन रनवे पर विमानों की लंबी कतार के कारण स्थिति सामान्य होने में कई घंटे लग गए। शाम 6 बजे तक करीब 85 प्रतिशत प्रस्थान उड़ानें प्रभावित रहीं, जिनमें औसतन 40 मिनट की देरी दर्ज की गई।

एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m