आईएमडी के 6 सितंबर तक भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर है. कई जिलों में आकस्मिक बाढ़ और वज्रपात की आशंका जताई गई है.

सतीश सिंह, लखनऊ. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की तरफ से पहली सितंबर से 6 सितंबर तक भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड पर है. मौसम विभाग ने कई हिस्सों में भारी बारिश, आकस्मिक बाढ़, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका जताई है. ऐसे में सरकार के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है.

राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है. राहत आयुक्त कार्यालय ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. तेज बारिश, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और वज्रपात की स्थिति में सावधानी बरतने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया है.

50 जिलों में भारी बारिश

बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, एटा, कासगंज, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं.

10 जिलों में बाढ़ की आशंका

सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, भदोही, चित्रकूट और कौशाम्बी में आकस्मिक बाढ़ की संभावना जताई गई है. इन जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने तथा नदियों, नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

19 जिलों में वज्रपात अलर्ट

पूर्वांचल से लेकर मध्य यूपी, बुंदेलखंड, पश्चिमी यूपी और एनसीआर से जुड़े कई जिलों में मेघगर्जन व वज्रपात की संभावना है. प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, कानपुर, झांसी, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत अनेक जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है.

चित्रकूट में राहत किट

चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य तेजी से जारी है. तहसील कर्वी में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने राहत किट वितरित की. उन्होंने जिले के अन्य हिस्सों में भी प्रभावित लोगों का हाल-चाल लिया और प्रशासन द्वारा पहुंच रही मदद का जायजा लिया. मंत्री ने अधिकारियों को लोगों की हर स्तर पर मदद करने के निर्देश दिए.