चमोली. जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश की खबर सामने आई है. जिसमें हेलीकॉप्टर सवार सभी लोगों के मारे जाने की आशंका है. बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में कुल 6 लोग सवार थे. ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ है. बद्रीनाथ धाम से लौटते वक्त चाई गांव के हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की जानकारी सामने आई है. जिसमें पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत की खबर है. हालांकि इस संबंध में किसी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी अब तक नहीं आई है.
सीएम धामी ने घटना को लेकर एक पोस्ट साझा किया. जिसमें उन्होंने लिखा है कि ‘चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं. गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं.’
इसे भी पढ़ें : खेल महाकुम्भ पर ब्रेक! मैदान में उतरने को तैयार थे खिलाड़ी, लेकिन टल गई मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हेलीकॉप्टर ने दोपहर 2.15 बजे बर्फबारी के बीच बद्रीनाथ धाम से उड़ान भरी थी. इसके कुछ देर बाद ही जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ी इलाके में हेलीकॉप्टर लापता हो गया है. कुछ ही देर बाद जिला प्रशासन को हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना मिली.
जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना ने ही सबसे पहले DM चमोली को सूचना दी थी कि हाथी पर्वत के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. इसके बाद ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया. फिलहाल जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

