राजधानी दिल्ली में इस वर्ष आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। हाल के महीनों में हजरत निजामुद्दीन, विवेक विहार, पालम और मालवीय नगर समेत कई इलाकों में हुए भीषण अग्निकांडों में कई लोगों की जान गई। इन घटनाओं के दौरान संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले रास्तों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
26 नई क्यूआरवी और 20 बाइक होंगी शामिल
इसी चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) अपने बेड़े में 26 नई क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) शामिल करने जा रही है। इसके अलावा विभाग को 20 नई मोटरसाइकिलें भी मिली हैं, जिनका उपयोग शुरुआती प्रतिक्रिया और त्वरित सहायता पहुंचाने में किया जाएगा।
फिलहाल विभाग के पास 24 क्यूआरवी हैं। नई गाड़ियों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। अगले चरण में 50 और क्यूआरवी शामिल करने की योजना है, जिससे कुल संख्या 100 तक पहुंच जाएगी।
पीसीआर यूनिट के साथ होगी तैनाती
दमकल अधिकारियों के अनुसार, क्यूआरवी आकार में छोटी लेकिन अत्याधुनिक अग्निशमन उपकरणों से लैस हैं। इन्हें दिल्ली पुलिस की पीसीआर यूनिट के साथ भी तैनात किया जाएगा। अक्सर आग लगने पर लोग सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देते हैं। ऐसे में पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त प्रतिक्रिया से मौके पर तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
क्यूआरवी की खासियत
इन मिनी दमकल वाहनों को मारुति एक्सएल6 को मॉडिफाई कर तैयार किया गया है। इनमें अल्ट्रा हाई-प्रेशर पंप एक्सटिंग्विशिंग सिस्टम और 100 लीटर क्षमता की पानी की टंकी लगी है। यह पंप प्रति मिनट 21 लीटर पानी का छिड़काव कर शुरुआती चरण में आग पर तेजी से काबू पाने में सक्षम है।
अग्निशमन व्यवस्था होगी और मजबूत
दमकल विभाग का मानना है कि क्यूआरवी की संख्या बढ़ने से संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी समय पर पहुंचकर आग पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इससे राहत एवं बचाव अभियान पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी होने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

