रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आज जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने हेमंत सोरेन के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।जन्मदिन के मौके पर उनके राजनीतिक सफर और मुख्यमंत्री के रूप में रहे उतार-चढ़ाव भी चर्चा में हैं।

PM मोदी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

नेमरा गांव में हुआ था जन्म

हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था। वह वरिष्ठ आदिवासी नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन के बेटे हैं। उन्होंने झारखंड की राजनीति में एक प्रमुख आदिवासी नेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई।

2009 से शुरू हुआ संसदीय सफर

हेमंत सोरेन का संसदीय राजनीतिक सफर वर्ष 2009 में राज्यसभा सदस्य बनने के साथ शुरू हुआ। सितंबर 2010 में उन्हें झारखंड का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। वह जनवरी 2013 तक इस पद पर रहे।

इसके बाद 2013 में उन्होंने झामुमो, राजद और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार का नेतृत्व करते हुए पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

2013 में पहली बार बने मुख्यमंत्री

हेमंत सोरेन का पहला मुख्यमंत्री कार्यकाल 13 जुलाई 2013 से 23 दिसंबर 2014 तक रहा। 2014 के विधानसभा चुनाव में वह दुमका सीट से चुनाव हार गए, लेकिन बरहेट विधानसभा सीट से जीत हासिल की।जनवरी 2015 में उन्हें झारखंड विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया।

2019 में दूसरी बार संभाली मुख्यमंत्री की कुर्सी

2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत मिला। हेमंत सोरेन ने दुमका और बरहेट दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों पर जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।वर्ष 2022 में उन्होंने विधानसभा में विश्वास मत भी हासिल किया।

ED की कार्रवाई के बीच दिया इस्तीफा

हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर में वर्ष 2024 सबसे अहम मोड़ रहा। जमीन से जुड़े कथित घोटाले के मामले में ED की कार्रवाई के बीच 31 जनवरी 2024 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

करीब पांच महीने बाद 28 जून 2024 को उन्हें जेल से रिहाई मिली। रिहाई के बाद उन्होंने फिर मुख्यमंत्री पद संभाला और जुलाई 2024 में दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इस तरह हेमंत सोरेन ने राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में वापसी की। जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थकों की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।