अनिल मालवीय, सीहोर। जिले के बिलकिसगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक कमरे की दीवार घड़ी में छिपा हिडन कैमरा और मेमोरी कार्ड मिलने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है। महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने इसे अपनी निजता और सुरक्षा पर गंभीर हमला बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

अधिकारियों की अनदेखी पर फूटा गुस्सा

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 13 अगस्त 2026 की है। आरोप है कि इतना संवेदनशील मामला सामने आने के बावजूद विभागीय आलाधिकारियों ने इसे दबाने का प्रयास किया और कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अधिकारियों की इस अनदेखी से आक्रोषित महिला स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सिंग स्टाफ ने इछावर विधायक व मध्य प्रदेश शासन के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के काफिले को सीहोर के पास अचानक घेरकर रोक लिया और अपनी सुरक्षा को लेकर ज्ञापन सौंपा।

मंत्री ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपनी गाड़ी में बैठकर ही पीड़ित महिलाकर्मियों की आपबीती सुनी और ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराने, कार्यस्थल पर सुरक्षा पुख्ता करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अस्पताल स्टाफ की मुख्य मांगें

उच्चस्तरीय जांच: यह पता लगाया जाए कि कैमरा किसने, कब और किस मकसद से लगाया था। अस्पताल के अन्य कमरों व परिसरों की भी जांच की जाए ताकि ऐसे उपकरणों की उपस्थिति का पता चल सके। कर्मचारियों की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों की पहचान कर कड़ी कानूनी सजा दी जाए। मामले पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवीन मेहर ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है और नियमानुसार कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जा रही है। कर्मचारियों ने जब्त संदिग्ध उपकरण पुलिस/प्रशासन को सौंप दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m