रांची। कथित पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के आंदोलन और झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के मद्देनजर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रांची पुलिस ने तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
शुक्रवार (7 अगस्त) को आइसा (AISA) की ओर से विधानसभा मार्च निकाला जाएगा, जबकि 10 अगस्त को आंदोलनरत छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। आइसा का मार्च दोपहर करीब 2 बजे बिरसा चौक से शुरू होगा, जिसे देखते हुए पूरे रूट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
1,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीनियर एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में संभाली जा रही है। विधानसभा परिसर और मार्च मार्ग की निगरानी के लिए 4 आईपीएस अधिकारियों के साथ 2 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था में 15 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा और करीब 1,000 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। जगन्नाथपुर मंदिर से विधानसभा परिसर तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
विधानसभा परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और आवश्यक संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


