० छात्रों की बढ़ती भीड़ के बाद प्रशासन सख्त, मोरहाबादी- सूचना भवन रूट डायवर्ट; शहर में जगह-जगह जाम से लोग परेशान
रांची। JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। आंदोलन के बीच राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की बढ़ती भीड़ के बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 से ज्यादा अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
CM आवास की ओर जाने वाले रास्ते बंद, बदला ट्रैफिक रूट
प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने से रोकने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है।
मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात व्यवस्था बदली गई है। इसका असर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर देखने को मिला। कचहरी चौक समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही।

आम लोगों को भी उठानी पड़ी परेशानी
रूट डायवर्जन के कारण दफ्तर, स्कूल और कॉलेज जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
स्टेडियम में जुटे छात्र, पुलिस अलर्ट
छात्रों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
एक तरफ छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हैं, तो दूसरी तरफ प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा का घेरा मजबूत कर दिया है।


