हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। शहर की हाई कोर्ट एडवोकेट डॉ. रुपाली राठौर को उत्तर प्रदेश राज्य विधान मंडल पेंशनर्स संस्थान, लखनऊ में निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंदौर का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। डॉ. रुपाली राठौर की नियुक्ति संस्थान की मासिक बैठक के दौरान लखनऊ विधानसभा भवन के कक्ष क्रमांक-44 में हुई। बैठक में संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं लखनऊ कैंटोनमेंट के उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा और नेहरू युवा केंद्र के चेयरमैन रामपाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने डॉ. रुपाली राठौर को ‘राष्ट्र सेवा गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित कर उनके सामाजिक, कानूनी और जनसेवा से जुड़े कार्यों की सराहना की।

डॉ. रुपाली राठौर की नियुक्ति और सम्मान की खबर सामने आने के बाद इंदौर में खुशी का माहौल देखने को मिला। शहर की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और प्रबुद्धजनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे इंदौर के लिए गर्व का विषय बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और अनुभव से संस्थान को नई दिशा मिलेगी तथा वे जनहित और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका को और मजबूत करेंगी।

डॉ. रुपाली राठौर ने इस सम्मान और नई जिम्मेदारी के लिए संस्थान के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी तथा समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करती रहेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m