शिवम मिश्रा, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास पर हाई लेवल बैठक शुरू हो गई है। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद हैं। इसके अलावा सत्ता और संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल कर रहे हैं। हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मुख्यमंत्री निवास में अचानक बुलाई गई इस बैठक को लेकर कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को किया तलब, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल

मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज
बैठक के बीच सबसे ज्यादा चर्चा संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर हो रही है। राजनीतिक हलकों में यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल सरकार की ओर से बैठक के एजेंडे या मंत्रिमंडल में किसी संभावित बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बैठक समाप्त होने के बाद सरकार की ओर से जारी होने वाली जानकारी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह बैठक सामान्य समीक्षा के लिए थी या फिर सरकार और संगठन से जुड़े किसी बड़े फैसले की भूमिका तैयार की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

