कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित मदन महल थाने के भीतर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने पुलिसकर्मियों के सामने ही खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर खुदकुशी (आत्मदाह) करने की कोशिश की। महिला को पेट्रोल डालते देख थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद सूझबूझ से नाराज महिला को समझाइश दी और उसे इस आत्मघाती कदम को उठाने से रोक लिया।
परिचित की गिरफ्तारी से नाराज थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार, खुदकुशी का प्रयास करने वाली महिला की पहचान गढ़ा थाना इलाके के गुप्ता नगर निवासी जयंती यादव के रूप में हुई है। जयंती यादव अपने एक परिचित युवक लकी मरावी को पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने से बेहद नाराज थी।
यह है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद सितंबर 2025 में स्नेह नगर इलाके में हुई चाकूबाजी की एक वारदात से जुड़ा हुआ है। इस वारदात में तीन आरोपियों ने मिलकर मान्या ठाकुर नाम के एक युवक पर जानलेवा हमला किया था। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। हाल ही में पुलिस ने इस केस के तीसरे आरोपी लकी मरावी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस पर लगाए 5 लाख की रिश्वत मांगने के आरोप
थाने के भीतर चले इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के दौरान जयंती यादव ने मदन महल थाना पुलिस पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पुलिस ने लकी मरावी को इस मामले में बेवजह फंसाया है। इसके साथ ही जयंती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस केस को रफा-दफा करने के बदले 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसे न देने पर यह कार्रवाई की गई।
जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
इस पूरे ड्रामे और महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मदन महल थाना इंचार्ज धीरज राज ने मामले को शांत कराया। पुलिस प्रशासन ने महिला के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाएगी और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

