वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने हाईटेक पहल करते हुए ड्रोन से विशेष निगरानी अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसमें ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर रही है।

ड्रोन तकनीक के माध्यम से पुलिस ने नशाखोरी, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर सख्त शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान ड्रोन से मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई, जिसमें नशा व अड्डेबाजी में लिप्त 15 संदिग्धों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बीट गश्त शुरू

जिलेभर में चल रहे इस ड्रोन निगरानी अभियान से न केवल अपराधियों पर नजर रखी जा रही है, बल्कि यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण में भी सफलता मिली है। ड्रोन अभियान के साथ-साथ जिले में बीट सिस्टम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24×7 बीट गश्त शुरू की गई है, जिससे सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।

प्रत्येक बीट क्षेत्र में तैनात हैं 6 आरक्षक

प्रत्येक बीट क्षेत्र में 06 आरक्षक तैनात किए गए हैं। सुबह, शाम और रात – तीन शिफ्टों में सतत निगरानी की जा रही है। बीट अधिकारियों को आपराधिक गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और बाहरी व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।शहरी बीट क्षेत्रों में बाजार, स्कूल–कॉलेज, एटीएम, बस व रेलवे स्टेशन तथा स्लम क्षेत्र शामिल किए गए हैं। ग्रामीण बीट क्षेत्रों में 3 से 6 गांव, खेत-खलिहान, जलस्रोत, वन सीमा और दुर्घटनाजन्य स्थल कवर किए जा रहे हैं।