Bahadurgarh High Tension Line Accident : बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बालौर चुंगी के पास स्थित वाल्मीकि बस्ती में जलभराव के बीच अचानक फैले करंट की चपेट में आने से 44 वर्षीय ओमप्रकाश की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ लोगों में प्रशासन और बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण गली में पानी जमा था। इसी दौरान पानी में अचानक करंट फैल गया। ओमप्रकाश अपनी नॉन-वेज की दुकान के बाहर बैठे थे। जैसे ही वे पानी के संपर्क में आए, उन्हें तेज करंट लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है। उनका आरोप है कि इसी लाइन की वजह से जलभराव वाले पानी में करंट उतरा और यह हादसा हुआ। हालांकि करंट आने की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक ओमप्रकाश अपने परिवार में पांच बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही जिला प्रशासन की टीम क्षेत्र में जलभराव का निरीक्षण कर गई थी। उनका कहना है कि प्रशासन के लौटने के तुरंत बाद यह हादसा हो गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग भी यह पता लगाने में जुटा है कि जलभराव वाले पानी में करंट आखिर कैसे फैला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m