कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में बीच सड़क पर शराबियों के आतंक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सब्जी मंडी के पास नशे में धुत्त तीन युवकों ने न सिर्फ जमकर हंगामा मचाया, बल्कि मौके से गुजर रहीं अधारताल सीएसपी (CSP) की गाड़ी को रोककर उनसे ही बहस करने लगे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लड़की से मारपीट कर रहे थे शराबी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधारताल सब्जी मंडी के पास शराब के नशे में चूर तीन युवक किसी लड़की के साथ मारपीट कर रहे थे और सड़क पर हंगामा मचा रहे थे। शराबियों के इस हुड़दंग के कारण व्यस्त सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीर सहम गए।
पुलिस का खौफ नहीं, CSP की गाड़ी रोककर उलझे
हंगामे के दौरान ही वहाँ से अधारताल सीएसपी राजेश्वरी कौरव का वाहन गुजर रहा था। सीएसपी के मुताबिक, सड़क पर विवाद होते देख उन्होंने खुद अपनी गाड़ी रुकवाई। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पुलिस का खौफ खाने के बजाय तीनों शराबी युवक खुद पुलिस वाहन के सामने आ गए और सीएसपी से ही तीखी बहस करने लगे। बीच सड़क पर पुलिस अधिकारी से उलझते इन युवकों के तेवर देखकर साफ था कि उनमें कानून का कोई डर नहीं था।
मौके पर पहुंची पुलिस, तीनों शराबी गिरफ्तार
सीएसपी से बहस और सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस तत्काल दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हंगामा कर रहे तीनों शराबी युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले आई, जहां उनके खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद ही सड़क पर लगा जाम खुलवाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ। राजेश्वरी कौरव, सीएसपी, अधारताल ने कहा -सड़क पर विवाद और हंगामा होता देख मैंने खुद गाड़ी रोकने के निर्देश दिए थे। गाड़ी रुकते ही शराबी युवक खुद पास आ गए और बहस करने लगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

