नारनौल। रेवाड़ी रोड पर स्थित होटल अपार में उस समय हड़कंप मच गया जब मोहल्ला नागपुर का एक युवक अचानक तीसरी मंजिल पर जा पहुंचा। युवक वहां से नीचे कूदने की कोशिश करने लगा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। यह नजारा देख होटल मालिक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। देखते ही देखते होटल के बाहर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के छूटे पसीने, युवक टस से मस नहीं

होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने और नीचे उतारने का काफी प्रयास किया लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। युवक लगातार वहां से छलांग लगाने की जिद पर अड़ा रहा। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल

मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशों में जुटे हैं, हालांकि अभी तक युवक के इस कदम के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।