तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में ‘भाजपा सरकार के 12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही नेताओं के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए। इस हाई वोल्टेज ड्रामे का एक वीडियो अब घटना के करीब एक सप्ताह बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।
मंच पर कहासुनी और हाथापाई
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मैहर जिले के ताला मंडल की है। यहाँ आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान 12 जून को पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल और भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी अचानक उग्र हो गई और दोनों के बीच मंच पर ही सरेआम हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
सांसद और पूर्व मंत्री की मौजूदगी में विवाद
चौंकाने वाली बात यह है कि जब यह पूरी घटना घटित हुई, उस समय मंच पर सतना सांसद गणेश सिंह और खुद पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल मौजूद थे। दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुए इस सरेआम विवाद से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता और आम लोग भी सन्न रह गए।
थाने में दोनों पक्षों की अपनी दलीलें
घटना के तुरंत बाद राजनीति गरमा गई। भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी अन्य स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ सीधे ताला थाने पहुंचे और विजय पटेल के खिलाफ लिखित शिकायती आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं दूसरी ओर, पूर्व मंत्री के भाई विजय पटेल ने इस मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि बात को जबरन तूल दिया जा रहा है, मामला सिर्फ मामूली धक्का-मुक्की तक ही सीमित था, कोई गंभीर मारपीट नहीं हुई थी।
वीडियो वायरल होने से बढ़ीं मुश्किलें
शुरुआत में इस मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन घटना के ठीक एक सप्ताह बाद अब इस हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष को भी बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया है, वहीं पार्टी के भीतर भी अनुशासन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं।

