कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शादीशुदा महिला की एक प्रेम कहानी, एक हाई-वोल्टेज ड्रामा और फिर ऐसा ट्विस्ट, जिसने सबको चौंका दिया। पहले किडनैपिंग और अब पति के साथ फाइनल एंडिंग। जिस महिला को प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के साथ पत्नी बताते हुए उसके ही पति पर अपहरण का आरोप लगाया था,अब उसी प्रेमिका महिला ने पुलिस के सामने पहुंचकर पूरा मामला पलट दिया। महिला ने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से पति के साथ गई थी और अब पति और बच्चों के साथ ही रहना चाहती है। इस बयान के बाद कथित किडनैपिंग की कहानी का क्लाइमेक्स भी बदल गया।

मामला भिंड जिले की एक महिला का

दरअसल यह पूरा मामला भिंड जिले की एक महिला का है, जो काफी समय से अपने पति रामू तोमर को छोड़कर कानपुर में प्रेमी रामेंद्र सिंह भदोरिया के साथ रह रही थी। पत्नी के घर छोड़ने के बाद पति ने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई और फिर हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर दी। कोर्ट के आदेश पर महिला को हाईकोर्ट में पेश किया गया, यहां भी महिला ने साफ तौर पर कहा कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और प्रेमी के साथ जाना चाहती है। कोर्ट ने महिला को स्वतंत्र छोड़ दिया और यहीं से शुरू हुआ कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट।

प्रेमिका के अपहरण की शिकायत

कोर्ट से बाहर निकलने के बाद महिला प्रेमी के साथ कार में रवाना हुई। आरोप है कि रास्ते में पति रामू तोमर अपने परिजनों के साथ पहुंचा, गाड़ी रुकवाई, प्रेमी से मारपीट की और महिला को जबरन अपने साथ ले गया। इसके बाद प्रेमी सीधे झांसी रोड थाने पहुंचा और प्रेमिका के अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी। उसने बताया था कि दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की है, उसके बावजूद पुराने पति ने उसके प्यार की किडनैपिंग कर ली।

पति के साथ फाइनल एंडिंग

पुलिस ने भी तत्काल महिला की तलाश शुरू की और उसे बरामद कर लिया। लेकिन थाने में पहुंचते ही कहानी ने यू-टर्न ले लिया। कोर्ट में महिला ने जो बयान दर्ज कराया था ठीक उसके विपरीत पुलिस को बताया कि वह किसी दबाव में नहीं थी, बल्कि अपनी मर्जी से अपने पति रामू के साथ गई थी। इतना ही नहीं, उसने पति और बच्चों के साथ रहने की इच्छा भी जता दी। उसने साफ कहा कि उसकी किडनैपिंग नहीं हुई और अब वह अपने पति रामू और बच्चों के साथ ही रहेगी। बयान के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया। यानी पहले किडनैपिंग का आरोप और अब पति के साथ फाइनल एंडिंग।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m