रोहतक। खेल जगत की नजरें अब 19 जुलाई को मलेशिया में होने वाली एशियन एमएमए चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जहां हरियाणा के स्टार पहलवान और एमएमए फाइटर संग्राम सिंह का सामना पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली से होगा। यह मुकाबला सिर्फ दो खिलाड़ियों के बीच नहीं, बल्कि भारत-पाकिस्तान की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा माना जा रहा है।

अगर संग्राम सिंह इस मुकाबले में जीत हासिल करते हैं, तो वह एशियन एमएमए खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। इससे पहले दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन रह चुके संग्राम सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई यादगार जीत दर्ज कर चुके हैं।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड

संग्राम सिंह का पाकिस्तान के खिलाड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। अपने एमएमए डेब्यू मुकाबले में उन्होंने अली रजा नासिर को महज 90 सेकेंड में हराकर सनसनी मचा दी थी। इसके बाद फरवरी 2024 में दुबई में आयोजित रेसलिंग मुकाबले में उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद सईद को भी शिकस्त देकर अपनी बादशाहत कायम रखी।

लगातार चौथी जीत की चुनौती

यह संग्राम सिंह के करियर की चौथी एमएमए फाइट होगी। पिछली फाइट में उन्होंने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को केवल 1 मिनट 45 सेकेंड में हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की थी। अब उनकी नजर चौथी जीत के साथ एशियन चैंपियन बनने पर है।

टाइटल फाइट के लिए जबरदस्त तैयारी

खिताबी मुकाबले से पहले संग्राम सिंह ने अपना वजन 87 किलोग्राम से घटाकर 83 किलोग्राम कर लिया है। वह रोजाना करीब 100 मसल्स-अप, जंपिंग जैक और अन्य हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनकी तैयारियों का बड़ा हिस्सा दिल्ली के लोदी गार्डन में पहलवानों और मुक्केबाजों के साथ अभ्यास करते हुए पूरा हुआ है।

SAI ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उप-महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने संग्राम सिंह को जीत की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पेरिस पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह भी मौजूद रहे।

अब 19 जुलाई को होने वाली इस हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान भिड़ंत में पूरे देश की निगाहें संग्राम सिंह पर होंगी, जिनके पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।