हिसार। 3 लाख रुपए की मंथली देने से इनकार करने पर दो व्यापारी भाइयों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपियों को थाने से वारदात वाली जगह तक लेकर गई। पुलिस ने आरोपियों के सिर मुंडवाए हुए थे और वे लंगड़ाकर चल रहे थे। निशानदेही के दौरान बाजार और मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस आरोपियों को मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर अंदर पैदल लेकर गई। जिस जगह वारदात हुई, वहां पहुंचने पर पुलिस ने निशानदेही की। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपियों को देखने लगे।
पांचों आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस ने बीते दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश निवासी हिसार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे और तेजधार हथियार बरामद किए गए हैं।
वीडियो में हथियार लेकर घर में घुसते दिखे युवक
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें 5-6 युवक हाथों में गंडासा, लोहे की रॉड और चाकू लेकर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक घर के अंदर मौजूद दोनों भाइयों पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
एक बुजुर्ग महिला हमलावरों को रोकने और दोनों भाइयों को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है। आसपास के कुछ लोग भी नजर आते हैं। वीडियो में हमले के दौरान कोई बीच-बचाव करता दिखाई नहीं देता।
मारपीट के बाद कुछ युवक घर के बाहर गली में खड़े नजर आते हैं। उनके हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं। पीड़ितों के घर के बाहर कांच के टुकड़े और टूटा हुआ दरवाजा भी वीडियो में नजर आता है।
दोनों भाई चलाते हैं परचून की दुकान
दोनों घायल भाइयों की पहचान पटेल नगर निवासी सुनील (40) और सोनू (38) के रूप में हुई है। दोनों घर के पास ही एक साथ परचून की दुकान चलाते हैं।
परिजनों के मुताबिक, दोनों भाइयों को कई दिनों से दबंग फोन कर मंथली देने के लिए कह रहे थे। दोनों हर बार रकम देने से इनकार कर देते थे।
3 लाख रुपए मंथली मांगने का आरोप
अस्पताल में भर्ती सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार्तिक और उसके साथी पिछले 3-4 महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे। सोनू के मुताबिक, उनसे हर महीने 3 लाख रुपए मांगे जा रहे थे।
सोनू ने बताया कि बुधवार शाम भी फोन कर पैसे देने का दबाव बनाया गया था। आरोप है कि रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
कार में बैठे भाइयों को घेरा, फिर हमला
सोनू के मुताबिक, बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों भाई कार में बैठे थे। इसी दौरान 5-6 युवकों ने उन्हें पीछे से घेर लिया और हमला कर दिया।
सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे और लाठियों से वार किए गए। उसके भाई सुनील के पेट में चाकू और गंडासे से हमला किया गया। सुनील की हालत गंभीर बताई गई है। सोनू की पत्नी के मुताबिक, उनके पति ने हमलावरों से कहा था कि उनके पास इतनी रकम नहीं है और वे 3 लाख रुपए कहां से लाएंगे। इसके कुछ देर बाद दोनों भाइयों को घेरकर हमला कर दिया गया।
पत्नी ने बताया- डंडों और चाकू से हमला किया
घायल सुनील की पत्नी ने बताया कि आरोपियों ने उनके पति और देवर पर डंडों और चाकू से हमला किया। हमले के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे इलाके में पिस्तौल लेकर घूमते हैं। यह आरोप परिवार की ओर से लगाया गया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे तथा तेजधार हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों को वारदात वाली जगह पर ले जाकर निशानदेही भी कराई गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


