घटना में घायल तीनों व्यक्ति स्थानीय निवासी, कोई भी कांवड़िया नहीं; अफवाह फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
हिसार : सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर हिसार में कांवड़ियों पर फायरिंग होने संबंधी प्रसारित की जा रही खबरें पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि घटना में कोई भी कांवड़िया घायल नहीं हुआ है तथा आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुधवार शाम थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से एयरगन से लापरवाहीपूर्वक फायर किए गए, जिसके छर्रे वहां से गुजर रहे एक दंपति और उनकी नाबालिग पुत्री को लगे। तीनों घायल हिसार के स्थानीय निवासी हैं तथा उनका कांवड़ यात्रा या कांवड़ियों से कोई संबंध नहीं है।

घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य एवं स्थिर है। किसी भी घायल को गंभीर या जानलेवा चोट नहीं आई है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना किसी विशेष व्यक्ति या परिवार को निशाना बनाकर नहीं की गई, बल्कि आरोपियों द्वारा की गई गंभीर लापरवाही का परिणाम है। मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार जिले में कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट को शेयर या प्रसारित न करें। केवल पुलिस एवं प्रशासन के आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही विश्वास करें। अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


