Hisar News : हिसार: शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन और कर्मचारियों के बीच तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। इसी बीच हिसार के अतिरिक्त निगम आयुक्त (AMC) डॉ. प्रदीप हुड्डा के सरकारी आवास के बाहर आधी रात कचरा फेंकने का मामला सामने आया है। घटना बरवाला चुंगी स्थित सरकारी आवास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे चार बाइक सवार नकाबपोश युवक कूड़े से भरी पॉलिथीन लेकर AMC के सरकारी आवास के पास पहुंचे। इसके बाद युवकों ने आवास के बाहर कचरा फेंका और वहां से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए CCTV फुटेज की अवधि करीब 27 सेकंड बताई जा रही है।

फुटेज में चार बाइक सवार युवक दिखाई दे रहे हैं। सभी ने चेहरे ढक रखे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बाइक के नंबरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवकों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने का रास्ता पता चल सके।

हड़ताल के दौरान पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि हिसार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान इससे पहले भी पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद सामने आ चुका है। उस दौरान कुछ महिला सफाई कर्मचारियों पर पुलिसकर्मियों की ओर कूड़ा फेंकने के आरोप लगे थे। घटना के बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ था।

अब AMC के सरकारी आवास के बाहर कचरा फेंके जाने की घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर कचरा फेंकने वाले युवकों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m