हिसार। जिला बाल कल्याण परिषद्, हिसार की ओर से उपायुक्त एवं प्रधान के मार्गदर्शन में बाल भवन परिसर में जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद् हिसार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुभाष चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि श्रीमती दिव्य बतरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बाल भवन नर्सरी स्कूल एवं फैशन डिजाइनिंग के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों की पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और भक्ति का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर इस्कॉन सेंटर से अंजली माता और उनकी टीम ने भी भाग लिया। उन्होंने कृष्ण भक्ति का संदेश देते हुए बच्चों को आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कविताएं एवं भाषण प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि श्री सुभाष चंद्र ने सभी को जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों की शिक्षा भी देते हैं। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी पहले शिक्षक रह चुके हैं।

उन्होंने जन्माष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, साहस, सत्य और धर्म का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, व्यक्ति को अपने कर्तव्य और सत्य के मार्ग से पीछे नहीं हटना चाहिए।

जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि भारत में शिक्षक दिवस पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने महान शिक्षिका सावित्रीबाई फुले को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिस समय समाज में लड़कियों की शिक्षा का विरोध किया जाता था, उस दौर में सावित्रीबाई फुले और ज्योतिराव फुले ने लड़कियों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। दोनों ने स्कूलों की स्थापना कर बालिकाओं को शिक्षा हासिल करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन कु. पूजा टंडन ने किया। इस अवसर पर मंडलीय बाल कल्याण अधिकारी हिसार वजीर सिंह दांगी, कार्यक्रम अधिकारी सुभाष चंद्र, डॉ. कुलदीप सत्यवती, शैली सहित बाल भवन का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m