विनोद सैनी, हिसार : हिसार में माननीय उपायुक्त एवं अध्यक्ष महेंद्रपाल के दिशा निर्देशन में बाल भवन हिसार द्वारा आज देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र, सीईओ हिसार रहे। उन्होंने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र ने बच्चों को बताया कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा किस प्रकार तैयार किया जाता है तथा इसके तीनों रंगों का क्या महत्व है। उन्होंने बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के साथ बाल भवन हिसार से किया गया। यात्रा बाल भवन हिसार से मधुबन चौक होते हुए रानी लक्ष्मी बाई चौक तक गई और वहां से वापस बाल भवन हिसार पहुंची। यात्रा के दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं देशप्रेम का संदेश दिया। यात्रा का समापन राष्ट्रीय गान के साथ किया गया।

इस अवसर पर विनोद कुमार, जिला बाल कल्याण अधिकारी हिसार, कार्यक्रम अधिकारी सुभाष चंद्र, इंदिरा, अरुण, कमला, कुलदीप, पूजा टंडन, प्रेमलता सहित बाल भवन हिसार के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।