काजल,हिसार. दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश के भविष्य, छात्रों और युवाओं पर मोदी सरकार के इशारे पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज की हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल डिपार्टमेंट ने कड़े शब्दों में निंदा की है। कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का कत्ल और भाजपा सरकार की हताशा का प्रतीक बताया है। इस दमनकारी नीति के विरोध में कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त हिसार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली और युवाओं पर अत्याचार की जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करने की पुरजोर मांग की।

कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, हिसार जिलाध्यक्ष एडवोकेट रत्तन सिंह पानू और एडवोकेट बजरंग इंदल ने एक सुर में कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल और अराजकता का माहौल है। दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों को बंद करके युवाओं को जिस तरह बंधक बनाने का प्रयास किया गया उसने साबित कर दिया है कि सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार अब देश के नौजवानों की हुंकार से बुरी तरह डर गई है।

उन्होंने भाजपा को ललकारते हुए कहा कि इतिहास गवाह है जब-जब युवा जागा है तानाशाहों को गद्दी छोड़नी पड़ी है। लाठियों के दम पर युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश करने वाली सरकार के पतन के दिन अब नजदीक आ गए हैं। एडवोकेट खोवाल ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई के शांतिपूर्ण संसद मार्च से घबराकर केंद्र सरकार ने समूची दिल्ली को एक अभेद्य पुलिस छावनी में बदल दिया मानो देश के छात्र देश के नागरिक न होकर कोई दुश्मन हों। उन्होंने कहा यह आंदोलन केवल एक प्रदर्शन नहीं बल्कि इस निकम्मी व्यवस्था के खिलाफ युवाओं का जनाक्रोश है।

जब सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में पूरी तरह फेल हो जाए, जब अर्थव्यवस्था रोजगार देने के बजाय हर मोर्चे पर दम तोड़ दे और जब पूरी सरकार भ्रष्टाचार और जवाबदेही से भागने लगे तब व्यवस्था के खिलाफ तख्तापलट का आंदोलन स्वाभाविक हो जाता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर गूंज रहे अंबेडकर-अंबेडकर और जय भीम के ऐतिहासिक नारों ने यह साफ संदेश दे दिया है कि देश का वंचित, शोषित और पढ़ा-लिखा युवा अब अपने अधिकारों, समान अवसरों, सामाजिक न्याय और संविधान को बचाने के लिए पूरी तरह गोलबंद हो चुका है। भाजपा की फूट डालो और राज करो की राजनीति अब युवाओं के इस बड़े गठजोड़ के सामने टिकने वाली नहीं है। यह चिंगारी अब सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि हिसार समेत हरियाणा के हर जिले और पूरे देश में एक बड़े राजनीतिक जनआंदोलन की शक्ल अख्तियार करेगी जो इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट खोवाल ने साफ किया कि हमारे जनप्रिय नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरी कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के साथ चट्टान की तरह मजबूती से खड़ी है। शिक्षा के भगवाकरण, रोजगार की लूट और संवैधानिक अधिकारों के हनन के खिलाफ कांग्रेस का यह संघर्ष अब थमने वाला नहीं है। तानाशाह सरकार के हर दमन का जवाब लोकतांत्रिक और राजनीतिक तरीके से दिया जाएगा।

इस अवसर पर स्वेता शर्मा एडवोकेट,पवन तुंदवाल एडवोकेट,चाननमल ओदखासिया एडवोकेट,हिमांशु आर्य खोवाल एडवोकेट,साक्षी चौधरी एडवोकेट,अलका रानी,निशा,मनीषा,अरविंद,ऋतु,मीना तिजारियाँ,शबनम,विकास ढुकड़ा,मोनिका,जयप्रकाश,तनीषा व अन्य मौजूद रहे ।