हिसार। हरियाणा के हिसार में एक दंपती के शव पड़ोसी के खेत में मिले। दोनों के हाथ एक-दूसरे के हाथ में थे। सुबह किसान ने शव देखे तो शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान असरावा गांव निवासी आत्माराम पुत्र संतलाल और उनकी पत्नी बसकोरी देवी के रूप में हुई है।
कमरे में मिला छह पेज का नोट
मृतक दंपती के बेटे प्रदीप कुमार के मुताबिक, उसके माता-पिता 12 अगस्त की शाम तक दुकान पर थे। शाम करीब 5 बजे पिता आत्माराम दुकान से ढाणी में मां बसकोरी देवी के पास चले गए थे। इसके बाद प्रदीप दुकान पर ही सो गया।
13 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे उसके चाचा मुकेश ने बताया कि दोनों ढाणी में नहीं हैं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। कमरे की जांच करने पर छह पेज का एक नोट मिला। इसमें बीमारी और असहनीय दर्द से परेशान होने की बात लिखी गई थी।
खेत में एक-दूसरे का हाथ थामे मिले
प्रदीप के अनुसार, नोट में उसके माता-पिता ने सल्फास खाने की बात लिखी थी और किसी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं बताया था। नोट मिलने के बाद परिवार ने आसपास के खेतों में तलाश शुरू की।
इसी दौरान दोनों के शव पड़ोसी उमेद सिंह के खेत में मिले। दोनों के शव अगल-बगल पड़े थे और उनके हाथ एक-दूसरे के हाथ में थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने छह पन्नों का नोट भी कब्जे में लिया है। उसकी लिखावट की जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नोट दंपती ने ही लिखा था या किसी अन्य व्यक्ति ने।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


