हिसार। एडीसी कार्यालय स्थित ई-दिशा केंद्र में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर विजेंद्र कुमार को ACB ने 2,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजेंद्र हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL) के तहत ई-दिशा केंद्र में कार्यरत था। आरोप है कि उसने विधुर पेंशन बनवाने के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ACB को शिकायत दी, जिसके बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।

पेंशन के लिए कई बार ई-दिशा केंद्र पहुंचे

न्यू ऋषि नगर निवासी विनोद कुमार प्राइवेट ड्राइवर हैं और 8वीं पास हैं। उनकी पत्नी कविता का 25 जनवरी 2026 को निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने करीब 4-5 महीने पहले विधुर पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।

पेंशन नहीं बनने पर विनोद कुमार कई बार ई-दिशा केंद्र में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर विजेंद्र से मिले। मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को भी वे विजेंद्र के पास पहुंचे।

विनोद के अनुसार, इसी दौरान विजेंद्र ने पेंशन बनवाने के एवज में 2,500 रुपये की रिश्वत मांगी। विनोद ने बातचीत की ऑडियो अपने रिकॉर्डिंग डिवाइस में दर्ज कर ली और ACB को शिकायत दी।

केमिकल लगे नोट देकर किया ट्रैप

शिकायत की जांच के बाद ACB हिसार की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई राजकीय महाविद्यालय मंगाली की प्राचार्य अंजू चौधरी की मौजूदगी में की गई। अंजू चौधरी राजपत्रित अधिकारी हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोपी विजेंद्र को केमिकल लगे 2,500 रुपये दिए। इसके बाद इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से 2,500 रुपये बरामद किए गए।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस

ACB ने विजेंद्र कुमार के खिलाफ थाना ACB, हिसार में FIR दर्ज की है। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m