Hisar Kasturba Gandhi Girls Hostel Case : हिसार। हिसार के गांव कीर्तन स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्रावास में एक वार्डन पर 14 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि वार्डन सुमन ने उससे कहा कि अगर उसे हॉस्टल में रहना है तो उसके हाथ-पांव दबाने होंगे। छात्रा ने इस संबंध में अपने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक शिकायत पहुंची।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने शिकायत की जांच के लिए कमेटी गठित की। बीईओ राकेश के नेतृत्व में गठित टीम में प्रधानाचार्य आदर्श चौधरी और गीता सेहरावत को शामिल किया गया। कमेटी ने सोमवार को विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान अन्य छात्राओं ने भी वार्डन के व्यवहार को लेकर शिकायतें रखीं।

ग्रामीणों की ओर से भी हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि छात्राओं के साथ वार्डन के व्यवहार को लेकर पहले भी आपत्तियां सामने आती रही हैं। इसके अलावा एक छात्रा के अंगूठे में चोट लगने के बाद उसके परिजनों को समय पर सूचना नहीं देने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

छात्रा के परिजनो का कहना है कि हॉस्टल में पहले करीब 75 छात्राएं रहती थीं, लेकिन अब यह संख्या घटकर लगभग 30 रह गई है। उन्होंने हॉस्टल की व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

शिकायत और जांच के बाद शिक्षा विभाग ने वार्डन सुमन का तबादला कर दिया है। बीईओ राकेश कुमार ने बताया कि वार्डन को स्थानांतरित किया जा चुका है और छात्रावास की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। वहीं, जांच कमेटी द्वारा छात्राओं के बयान दर्ज किए जाने के बाद अब पूरे मामले में सामने आने वाले तथ्यों पर नजर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m