हिसार में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने जनपरिवाद समिति की बैठक में शिरकत की। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का निदान करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। स्वयं प्रदेश के मुखिया नायब सिंह सैनी भी दिन-रात आमजन की शिकायतें सुनते हैं और उनका समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठक से लोगों की उम्मीद अधिक होती है। इसलिए अधिकारी अधिक गंभीर होकर ग्रीवेंस कमेटी में आई शिकायतों का समाधान करें। इसके अतिरिक्त कमेटी के समक्ष ऐसी शिकायतें रखी जाएं, जिनका पहले से उपलब्ध व्यवस्थाओं से समाधान नहीं हुआ है। इसके लिए बैठक में रखी जाने वाली शिकायतों के संबंध में ग्रीवेंस कमेटी सदस्यों की राय को भी शामिल किया जाए।

स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक के दौरान उन्होंने यह बात की। सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने 16 में से 10 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखते हुए उन्होंने समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल ने प्राप्त दिशा-निर्देशों की पूर्ण अनुपालना का भरोसा देते हुए कहा कि शेष शिकायतों का समाधान भी समयबद्धता के साथ करवाया जाएगा।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बैठक में रखी गई शिकायतों के अलावा अगली बार अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित कार्यों की सूची भी अपने साथ लेकर आएं। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक में शिकायतकर्ता रोहताश गुप्ता निवासी बरवाला द्वारा अवगत करवाया गया कि नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा मिलीभगत करके किसी अन्य व्यक्ति के नाम चढा दी है जोकि गलत है। पिछली बैठक में एक कमेटी गठित कर हस्ताक्षर की जांच करवाने के निर्देश दिए गए थे। कैबिनेट मंत्री ने अब इस मामले में पुलिस अधीक्षक को जांच करने के लिए कहा है। इसी प्रकार से ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट की कथित अनियमितताओं संबंधी मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे एफएसएल की रिपोर्ट जल्द से जल्द पुरी करवाकर इस मामले की जांच करें।

मिलगेट स्थित टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर 24 में आबंटित फ्लैट दिलवाने संबंधी शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रार्थी को दूसरा प्लॉट देने की दिशा में सकारात्मक कार्यवाही की जाए। ग्लोबल स्पेस निवासी प्रार्थी अविनाश भाटिया द्वारा पैसे देने के बाद भी राज दरबार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाने के मामले में भी पुलिस अधीक्षक को हिदायत दी गई कि राज दरबार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों को अल्टीमेटम दें और यदि अल्टीमेटम की अवधि में भी रजिस्ट्री नहीं करवाई गई तो इस मामले में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर दी जाए। गांव गुंजार निवासी एक महिला ने बैठक में बताया कि 4 अप्रैल 2026 की शनिवार की रात लगभग 11:30 बजे सरपंच ने घर में घुसकर मेरे साथ छेड़छाड़ की। अभियुक्त की वीडियो भी बना ली गई थी। लेकिन इस मामले में वे थाना सदर पहुंचे तो पुलिस कर्मचारियों ने हमारी बात को पूरी तरह नजर अंदाज कर दिया।

हमारी शिकायत पर कार्यवाही करने की बजाय उल्टा हमारे विरूद्ध ही अपहरण की झूठी शिकायत दी गई। इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे आरोपी सरपंच को बुलाकर पूछताछ करें।
इसी प्रकार से हिसार निवासी शान्ति नगर चौक निवासी द्वारा एक पुलिस कैबिन, जो इस्तेमाल में नहीं होता है, उसमें शरारती तत्व द्वारा शराब पीने तथा भद्दी भाषा में कमेंट करने संबंधी शिकायत पर अवगत करवाया गया कि केबिन को हटवा दिया गया है। हिसार वार्ड नंबर 18, शास्त्री नगर निवासी द्वारा बैठक में बताया कि हमारी गली में सिवरेज व्यवस्था काफी खराब है। इस पर कैबिनेट मंत्री ने न केवल इस क्षेत्र बल्कि शहर के सभी क्षेत्रों में बरसात से पहले सीवरेज लाइनों को दुरुस्त करने की हिदायत दी, साथ ही कहा कि ऐसी जानकारी सार्वजनिक करने के आदेश दिए, जिसमें सीवरेज की सफाई की तिथि तथा अगली बार सफाई की तारीख संबंधी जानकारी हो।

बैठक में अवगत करवाया गया कि जाखोद खेड़ा के ग्रामीणों द्वारा पीने के पानी की समस्या का समाधान कर दिया गया है और लापरवाह कर्मचारी का तबादला भी कर दिया गया है। गावं मलापुर व लाडवी के नागरिकों द्वारा खाल निर्माण संबंधी मांग के बारे में अवगत करवाया गया कि पुराने ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है और अब जल्द ही नया टेंडर लगाया जाएगा। इसी प्रकार से गांव कल्लर भैणी निवासी सोनू द्वारा निशानदेही संबंधी शिकायत तथा गांव मैय्यड़ निवासी मंजू द्वारा मीटर कनेक्शन नहीं दिए जाने संबंधी शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सकारात्मक कार्यवाही करने की हिदायत दी।

एक अन्य शिकायत पर यह अवगत करवाया गया कि प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विधालय पटेल नगर हिसार द्वारा हिसार के मुख्य द्वार पर बिजली के तार, केबल, वायर तथा हाइटेंशन वायर दुरूस्त कर दी गई हैं। इसी प्रकार से आजाद नगर निवासी कमल शर्मा एवं समस्त इंदिरा कॉलोनी द्वारा गंदगी फैलाने संबंधी शिकायत का भी समाधान कर दिया गया है। गांव कालीरावण निवासी सुनील कुमार द्वारा खेत में सिंचाई के लिए खाल में पास बनी फैक्ट्री से रासायनिक पानी डाले जाने संबंधी शिकायत पर ग्रीवेंस कमेटी मेंबर और संबंधित अधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए।


इसी प्रकार से शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत चयनित दो बच्चे को दाखिला न मिलने संबंधी शिकायत पर शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत दी गई कि न केवल इन दो बच्चों बल्कि सभी मामलों में कार्यवाही करते हुए बच्चों को दाखिला दिलाया जाए। इस संबंध में शिक्षा अधिकारी को एसडीएम के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। बहुचर्चित स्कॉलर कॉलोनी विवाद मामले में कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि यह मामला अगली बार ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में पुन: शामिल किया जाए।