हिसार: बालसमंद रोड पर चंदन नगर स्थित कार वॉश सेंटर में सोमवार देर रात हुई संचालक की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। दो नकाबपोश युवक सेंटर के पिछले रास्ते से भीतर पहुंचे और कमरे में बैठे संचालक हरदीप लोहान के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सेंटर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

हरदीप लोहान वैभव व्हील एलाइनमेंट एंड कार वॉश सेंटर चलाते थे। पुलिस के मुताबिक रात करीब 10 बजे के बाद दोनों युवक चेहरे ढककर पीछे की तरफ से सेंटर में दाखिल हुए। CCTV में एक आरोपी के हाथ में डंडा नजर आया। दोनों कुछ देर तक उस कमरे के बाहर खड़े रहे, जहां हरदीप मौजूद था। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और हरदीप पर गोली चला दी।

गोली लगने के बाद हरदीप किसी तरह कमरे से बाहर निकले, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाग निकले। CCTV फुटेज में भागते समय एक आरोपी के हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दे रही है।

रात तक घर नहीं पहुंचे तो तलाश में निकले परिजन

हरदीप के पिता 73 वर्षीय वीरेंद्र लोहान ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दो बच्चों का पिता था। वह करीब दो साल से किराये की दुकान में व्हील एलाइनमेंट और कार वॉश सेंटर चला रहा था। सामान्य तौर पर वह रात करीब 9 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन 17 अगस्त की रात घर नहीं पहुंचा।

परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, मगर संपर्क नहीं हो सका। रात करीब 12 बजे वीरेंद्र लोहान अपनी पत्नी कलावती के साथ पैदल सेंटर पहुंचे। वहां कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था और बाहर हरदीप खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पहले दूसरी रंजिश पर था शक, जांच में सामने आई पुरानी कहासुनी

शुरुआत में परिजनों ने हत्या के पीछे हरदीप के पूर्व पार्टनर के साथ हिस्सेदारी खत्म होने और एक सहकर्मी को ब्याज पर पैसे नहीं देने को लेकर चली आ रही रंजिश की आशंका जताई थी। पुलिस ने दोनों पहलुओं पर जांच करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ की, लेकिन हत्या में उनकी संलिप्तता का कोई ठोस सबूत नहीं मिला।

जांच के दौरान पुलिस को करीब 20 दिन पुरानी एक घटना का पता चला। पुलिस के अनुसार, पानी के कैंपर वाली गाड़ी का पंक्चर लगवाने आए दो युवकों का हरदीप से अपशब्द बोलने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी कहासुनी की रंजिश में दोनों ने हत्या की योजना बनाई और मौका देखकर वारदात को अंजाम दे दिया।

घटनास्थल से खून से सना डंडा और टूटा ब्लेड बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को वहां खून से सना कस्सी का टूटा डंडा और टूटा ब्लेड भी मिला है। CCTV फुटेज को जांच में अहम आधार बनाया गया।

आजाद नगर थाना पुलिस ने वीरेंद्र लोहान के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी मंदीप कुमार के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे की जांच CIA कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m