हिसार। बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भाटला निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और सिंघवा राघो निवासी साहिल शामिल हैं। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। वहीं मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
13 अगस्त तक गिरफ्तारी का दिया था अल्टीमेटम
बुधवार को हुई खाप पंचायतों और किसान यूनियनों की बैठक में पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया गया था। कुंडू, पूनिया और अन्य खाप प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी थी कि अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो टोल फ्री करवाए जाएंगे। इसके साथ ही 15 अगस्त को हांसी में होने वाले मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम का विरोध करने की चेतावनी भी दी गई थी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं
पूनिया खाप के प्रधान शमशेर सिंह पूनिया ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी होने तक जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। जीवन का शव पिछले 10 दिन से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पहले ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
10 पुलिस टीमें कर रही हैं तलाश
हिसार SP सिद्धांत जैन के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें विभिन्न राज्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आरोपी देश से बाहर न भाग सके।
पीड़ित पक्ष की सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। पीड़ित को व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उसके निवास स्थान पर भी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। पीड़ित परिवार की सहायता और पुनर्वास के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन भी किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


