हिसार: हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे 32 वर्षीय कांवड़िये की शिवालय पर जल चढ़ाने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हिसार में एचटीएम थाना और एयरपोर्ट चौक के बीच स्थित वन विभाग की आवासीय कॉलोनी के शिव मंदिर में हुआ। मृतक की पहचान शिवनगर निवासी मुकुंदी के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम ही अपने तीन दोस्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर यहां पहुंचा था। हादसे के बाद एचटीएम थाना पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
आठवीं बार कांवड़ लेकर आया था मुकुंदी
मुकुंदी के पिता ओमप्रकाश वन विभाग से सेवानिवृत्त चालक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा शहर के एक निजी अस्पताल में अकाउंट का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा है।
ओमप्रकाश के अनुसार मुकुंदी 1 अगस्त को अपने दोस्तों मनोज, कपिल और अजीत के साथ झूला कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। सोमवार शाम चारों वन विभाग की आवासीय कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पहुंचे। रात को सभी वहीं रुके और सुबह कांवड़ चढ़ाने की तैयारी की।
कांवड़ चढ़ाकर नीचे उतरते समय लगा करंट
मंगलवार सुबह मुकुंदी और उसका दोस्त मनोज कांवड़ लेकर शिवालय की छत पर गए। दोनों ने शिवालय पर कांवड़ चढ़ाई। इसके बाद जब वे छत पर वापस लौट रहे थे, इसी दौरान लोहे की ग्रिल के पास से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में मुकुंदी आ गया।
करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और स्टोर की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद परिजन और साथी उसे तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुकुंदी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जिस कांवड़ यात्रा को वह धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ पूरा कर घर लौटा था, उसी के अगले दिन शिवालय पर जल चढ़ाते समय उसकी जान चली गई।
परिजनों के मुताबिक मुकुंदी इससे पहले भी कई बार कांवड़ ला चुका था। यह उसकी आठवीं कांवड़ यात्रा थी। इस बार किसी ने नहीं सोचा था कि शिवालय पर कांवड़ चढ़ाना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
- बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 8 ठिकानों पर NIA की छापेमारी, जाली नोट और बांग्लादेशी मुद्रा जब्त
- Jharkhand Weather Update: झारखंड में बदलने लगा मौसम, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड; सुबह कुहासा और दिन में खिलेगी धूप
- मिडटर्म चुनाव में हार पर जेडी वेंस बोले- खुद राष्ट्रपति ने ईरान युद्ध और महंगाई को बड़ी वजह बताया
- ‘दिवाली पर अयोध्या, काशी और मथुरा उड़ा देंगे’, 27 नवंबर तक अलर्ट; कचहरी की सुरक्षा बढ़ी
- धार्मिक नगरी में अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग का शिकंजा: बस स्टैंड और अस्पताल रोड पर दबिश, देशी-विदेशी मदिरा जब्त

