विनोद सैनी, हिसार। हरियाणा के हिसार में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज हरियाणा (रजि. 1355) के तत्वावधान में महाराजा अजमीढ़ जी की जयंती समारोह, नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण कार्यक्रम भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें समाज के विकास, संगठन की मजबूती, आपसी भाईचारे और युवाओं के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी विशेष रूप से शामिल हुए। आयोजन की खास बात यह रही कि अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ और अखिल भारतीय मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणियों के प्रतिनिधि एक मंच पर उपस्थित हुए। इस दौरान दोनों संस्थाओं ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ समाज को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
समाज की एकजुटता से नई पीढ़ी को मिलेगा बेहतर संदेश: यशपाल चौहान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगर सुधार मंडल बटाला (पंजाब) के चेयरमैन यशपाल चौहान ने समाज की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का मिलकर आगे बढ़ना आने वाली पीढ़ी के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर समाज को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। इसके लिए देश के प्रत्येक ब्लॉक, जिले और प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें और समाज का संगठन मजबूत हो।
इस अवसर पर यशपाल चौहान ने अखिल भारतीय मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सजन लावट और प्रदेशाध्यक्ष लखी राम सोनी के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए समाज को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
पारंपरिक कारीगरी के साथ युवाओं की शिक्षा भी जरूरी: जगदीश मायच्छ
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मायच्छ ने की। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को पारंपरिक पेशेवर कारीगरी के साथ-साथ शिक्षा के प्रति भी जागरूक करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा अपनी योग्यता और प्रतिभा के बल पर बड़े सरकारी पदों तक पहुंच सकते हैं। इससे न केवल उनका व्यक्तिगत भविष्य बेहतर होगा, बल्कि वे समाज के विकास और उत्थान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।
आधुनिकता के अनुरूप बदलना होगा पारंपरिक कारोबार: सजन लावट
समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सजन लावट ने समाज के लोगों से अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तकनीक और बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समय के साथ कारोबार के तौर-तरीकों में बदलाव जरूरी है। आधुनिकता को अपनाकर समाज के युवा अपने पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों में भी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाज का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब शिक्षा, रोजगार, कारोबार और संगठन सभी क्षेत्रों में मिलकर प्रयास किए जाएं।
प्रदेशाध्यक्ष ने जताया आभार
अखिल भारतीय मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के प्रदेशाध्यक्ष लखी राम सोनी ने समारोह में पहुंचे सभी राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने दोनों राष्ट्रीय संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। नवनियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण कार्यक्रम के साथ प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक ने समाज के भविष्य की योजनाओं को लेकर नई दिशा देने का प्रयास किया।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में अखिल भारतीय मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय महामंत्री दुली चंद मौसूण, अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रवि वर्मा, सतेंद्र पाल सिंह कंडा, फतेहाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष परवीन जोड़ा, उकलाना नगर पालिका चेयरपर्सन रीमा सोनी, राजकुमार निवाड़ी, रामनिवास भामा, जोगेंद्र भामा, कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष सतीश सोनी, बिट्टू सोनी, विनोद तोषावड़, निगम पार्षद ज्योति सोनी, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भारत सोनी, महेंद्र सोनी, श्याम बगला, दीपक बूटन, मोनू बूटन और राजेश रोडा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

