हिसार। हिसार में एक पेट्रोल पंप संचालक को 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को कथित तौर पर विदेशी नंबर से फोन कॉल और वॉइस मैसेज भेजकर रकम देने की धमकी दी गई। घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है। मामला सामने आने पर पुलिस ने कारोबारी की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को पेट्रोल पंप मालिक के पास धमकी भरा कॉल आया। इसके बाद वॉइस मैसेज के जरिए भी उससे 5 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को एक गैंग से जुड़ा बताया। घटना के बाद कारोबारी ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ कहने से परहेज किया।

सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालक से बातचीत कर धमकी से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। इसके बाद मामले को लेकर परिजन और अग्रवाल समाज के कुछ लोग एसपी सिद्धांत जैन से मिले और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एक ही नंबर से दूसरे शहरों में भी धमकी

पुलिस प्रवक्ता मदन के मुताबिक, जिस नंबर से हिसार के कारोबारी को धमकी दी गई, वह विदेशी नंबर है। पुलिस के अनुसार इसी नंबर से झज्जर, बीकानेर और ऐलनाबाद में भी फिरौती मांगने से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस वजह से पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि क्या सभी घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह है।

पुलिस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि नंबर से भेजा गया मैसेज फेक होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पुलिस धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे मौजूद व्यक्ति या नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक की सुरक्षा के लिए दो जवान तैनात किए हैं। वहीं, धमकी देने वाले की पहचान और 5 करोड़ रुपये की मांग के पीछे की पूरी कहानी जांच के बाद ही सामने आएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m