विनोद सैनी, हिसार. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक आमजन की शिकायतों की सुनवाई के दौरान यह बात कही। बैठक में 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों को आगामी बैठक तक लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक में ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट की कथित अनियमितताओं संबंधी मामले में कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को ठोस कार्यवाही करने की हिदायत देते हुए कहा कि इस मामले में जांच अधिकारी को बदला जाए।

मिलगेट स्थित टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर 24 में आबंटित फ्लैट दिलवाने संबंधी शिकायत पर उन्हें संपंदा प्रबंधक द्वारा अवगत करवाया गया कि इस मामले में आगामी दो से तीन दिनों में ही मुख्यालय का निर्णय आ जाएगा। ग्लोबल स्पेस निवासी प्रार्थी अविनाश भाटिया द्वारा पैसे देने के बाद भी राज दरबार बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाने की शिकायत की सुनवाई के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि डिमांड लेटर के हिसाब से प्रार्थी की रजिस्ट्री करवाई जाए। बैठक में पेश हुए कंपनी के निदेशक ने 60 दिन में एसटीपी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात को स्वीकार किया।


गांव मोहब्बतपुर निवासी रमेश बेनीवाल ने दो गांवों के वाटर वर्क्स में पांच में से केवल एक फिल्टर चालू होने तथा पिछले 5-6 वर्षों से फिल्टर मीडिया नहीं बदले जाने के कारण बिना फिल्टर पानी की सप्लाई होने के मामले में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने विभागीय विजिलेंस जांच करवाने की हिदायत दी। साथ ही पूर्व में रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे जिले के जलघरों में विशेष अभियान चलाकर पानी की गुणवत्ता जांच करने की हिदायत दी। आदमपुर निवासी सुरेश कुमार ने लगभग 12 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ठोस कार्यवाही करने और ग्रीवेंस कमेटी सदस्य कृष्ण लाल रिणवा व रणधीर धीरू को शामिल कर कमेटी द्वारा जांच करवाए जाने के निर्देश दिए। गांव खरक पुनिया निवासी बीरबल ने एसके ट्रेडिंग से खरीदी गई कीटनाशक दवा के प्रभावहीन होने के संबंध में अवगत करवाया गया कि प्रार्थी के नुकसान की भरपाई कर दी गई है। गांव किनाला निवासी रमेश ने अकेले सदस्य के रूप में राशन कार्ड बनाने संबंधी शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने अवगत करवाया कि इस संबंध में प्रदेश स्तर पर जल्द नीतिगत निर्णय लिया जाएगा।


जवाहर नगर गली नंबर-8 में जर्जर बिजली का खंभा शिफ्ट करने संबंधी शिकायत पर अधिकारियों को आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। गांव बधावड़ निवासी ओमप्रकाश ने अपनी कृषि भूमि के सिंचाई खाल के बंद होने की शिकायत पर बैठक में यह अवगत करवाया गया कि तहसील कोर्ट में मामला लंबित है। इसे फास्ट ट्रैक पर लाकर जल्द समाधान करवाया जाएगा। हरिनगर निवासी सूरजभान व राकेश द्वारा नगर निगम के रिकॉर्ड में गलत तरीके से संपत्ति आईडी जारी करने तथा जारी की गई आईडी के आधार पर प्रॉपर्टी कब्जाने संबंधी शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस मामले में एसडीएम द्वारा यथास्थिति बनाए रखने संबंधी आदेश जारी किए हुए थे। इसके बावजूद भी आरोपियों द्वारा कब्जा कार्यवाही जारी रखना चिंताजनक है और संबंधित थाना एसएचओ पर अपनी मौजूदगी में निर्माण जारी रखने संबंधी आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने मामले की जांच के आदेश देते हुए कहा कि एसएचओ की मौजूदगी पाए जाने पर उसे सस्पेंड किया जाए। साथ ही, निर्माण कार्यों को तुरंत रोकने के भी निर्देश दिए गए। गांव सिसाय कालीरावण निवासी रणबीर सिंह ने निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही तथा उपचार के बाद उत्पन्न गंभीर स्थिति की शिकायत पर सीएमओ को निर्देश दिए गए कि इस मामले में पीड़ित को मुआवजा दिलवाया जावे।

गांव किरमारा निवासी एक प्रार्थी द्वारा खेत के साथ संचालित पोल्ट्री फार्म से बदबू, अमोनिया गैस एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के कारण फसल व पर्यावरण प्रभावित होने, आजाद नगर स्थित चंद्रलोक कॉलोनी निवासी ऋतु द्वारा घर के गेट के सामने सीवर का पानी ओवरफ्लो होने से गंदगी एवं बीमारियों के खतरे की शिकायत और गांव बाडो पट्टी निवासी शांति देवी द्वारा 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बावजूद वृद्धावस्था पेंशन शुरू न होने की शिकायत पर पर अधिकारियों द्वारा अवगत करवाया गया कि इन मामलों का समाधान कर दिया गया है। गांव चमार खेड़ा निवासी सुनील ने पड़ोसियों द्वारा अवैध रूप से ट्यूबवेल लगाने, बिजली कनेक्शन लेने तथा अवैध पाइपलाइन जोडऩे की शिकायत पर उकलाना के बीडीओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया।

इस अवसर पर हिसार विधायक सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, मेयर प्रवीण पोपली, वन विभाग के चेयरमैन रवि सैनी, जिला अध्यक्ष डॉ आशा खेदड़, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, जिला नगरायुक्त सी जयाश्रद्घा, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार सहित कष्ट निवारण समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।